राष्ट्रीय लोक अदालत ने दम्पति को एक किया साथ-साथ रहने की कोर्ट के समक्ष खाई कसमे न्यायालय के फैसले का किया स्वागत

शाहपुरा 8 सितम्बर


 अपर सेशन न्यायाधीश सुनील कुमार यादव की अध्यक्षता वाली बेंच में शनिवार को लगी राष्ट्रीय लोक अदालत में एक अहम फैसला हुआ। इस फैसले को सुन कर व देख कर वहां खड़े अधिवक्ता एवं कई लोग तालिया बजाते हुए फैसले का स्वागत करने लगे।  
मौका था तालुका विधिक सेवा समिति के तत्वाधान में शाहपुरा की एडीजे कोर्ट में लगी राष्ट्रीय लोक अदालत का। जिसमें पीथास (मांडल) निवासी पारसमल सोनी एवं स्थानीय निवासी मीनाक्षी सोनी जो रिश्ते में पति पत्नी है। आपसी मन मुटाव को लेकर दोनों ने तीन वर्षो पूर्व अलग रहने को लेकर अदालत का दरवाजा खट खटाया।  
शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालत में अपर सेशन न्यायाधीश सुनील कुमार यादव के समक्ष दोनों उपस्थित होते हुए अलग रहने की गुहार लगा रहे थे। इस पर यादव ने परिवादी महिला की गोद में ढ़ाई साल के बच्चे को देखा और मानवीय दृष्टिकोण रखते हुए दोनों को बच्चे के भविष्य पर चिंता करने का ज्ञान दिया और समझाईस की। न्यायालय की समझाईस के कुछ देर बाद  दोनों पति पत्नी ने एक दूसरे के साथ रहने पर आपसी सहमती जताते हुए न्यायालय के समक्ष साथ साथ रहने और कभी अलग अलग नही होने शपथ ली। बाद में न्यायालय द्वारा साथ साथ रहने के दिये फैसले का मौजूद अधिवक्ताओं एवं लोगों ने तालिया बजाते हुए स्वागत किया। तालुका विधिक सेवा समिति के सचिव वासीक खां ने मौके पर तुरन्त दो पुष्पहार उपलब्ध करवाये। तीन वर्षो से अलग अलग रह रहे दम्पत्ति ने अदालत में मजिस्ट्रेट के सामने खड़े होकर एक दूसरे के गले में पुष्पहार डाले। कुछ देर के लिए अदालत का माहौल कुछ अलग सा हो गया। दोनों पक्षों के परिजन एक दूसरे को गले मिलते हुए बधाई देने लगे। इस मौके पर अभिभाषक संस्थाध्यक्ष हीतेश शर्मा, अंकित शर्मा, अनिल शर्मा, तालुका विधिक सेवा समिति के सचिव वसिक खां सहित कई वरिष्ठ अधिवक्ता व लोग मौजूद थे।


from Shahpura News https://ift.tt/2x3te7V
via IFTTT

Comments