दिव्यांगों को वोट डलवाने सरकारी गाड़ी में ले जाएंगे, वापस घर तक छोड़ने की भी सुविधा
प्रवीण धींगरा, जोधपुर. दिव्यांग मतदाताओं को विधानसभा चुनाव में निर्वाचन अधिकारी की ओर से वोटिंग के लिए सरकारी गाड़ी से मतदान केंद्र लाने व वापस घर छोड़ने की सुविधा मिलेगी। चुनाव आयोग से ये गाइडलाइन जारी होने के बाद स्थानीय स्तर पर तैयारी शुरू हो गई है। इसके लिए प्रत्येक जिले में ट्रांसपोर्ट नोडल अधिकारी लगाए जाएंगे।
नेत्रहीन मतदाताओं के लिए फोटोयुक्त मतदाता पर्ची के साथ ईवीएम पर पसंद के अभ्यर्थी का चयन करने के लिए भी ब्रेल लिपी में जानकारी अंकित होगी। वर्ष 2018 के चुनावों में कोई भी मतदाता, मतदान से वंचित न रहे, इस थीम पर चुनाव आयोग ने विशेष इंतजाम करने को कहा है। प्रत्येक बूथ की मतदाता सूची में ऐसे दिव्यांग मतदाताओं को बीएलओ के माध्यम से चिह्नित किया जा रहा है। इस श्रेणी के मतदाता स्वयं भी अपने क्षेत्र के बीएलओ से संपर्क कर नामांकन करवा सकते हैं।
हर बूथ पर रखेंगे व्हीलचेयर : दिव्यांगों के साथ ही वरिष्ठ नागरिकों को भी मतदान केंद्र के बाहर से लेकर अंदर वोट देने तक पहुंचने में परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसके मद्देनजर प्रत्येक मतदान केंद्र पर व्हीलचेयर के साथ स्वयंसेवक मौजूद रहेंगे। रैंप भी इस तरह बनाए जा रहे हैं कि दिव्यांग मतदाताओं को बूथ तक पहुंचने में सुविधा रहे। शहर विधानसभा के नैनीबाई का मंदिर जैसे बूथ पर रैंप नहीं बनने की स्थिति में स्वयंसेवक जरूरतमंद मतदाताओं को सहयोग कर वोट देने में मदद करेंगे।
नेत्रहीनों के लिए मतदाता पत्र ब्रेल लिपि में : नेत्रहीन मतदाताओं को मिलने वाली फोटोयुक्त पर्ची पर ब्रेल लिपि में जानकारी अंकित करने को कहा गया है। इससे वे इसे आसानी से पढ़कर अपने पसंदीदा प्रत्याशी को वोट दे सकेंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर डॉ. रविकुमार सुरपुर का कहना है कि दिव्यांग मतदाताओं को मताधिकार में सुविधाओं के लिए इंतजाम किए जा रहे हैं। निर्वाचन विभाग की ओर से जारी गाइडलाइन की पालना की जाएगी।
from Shahpura News https://ift.tt/2JdZDxZ
via IFTTT
Comments
Post a Comment